अथ ध्यानम्
अथ ध्यानम् ब्रह्मात्मचिन्ता ध्यानं स्यात् धारणा मनसो धृतिः। अहं ब्रह्मेत्यवस्थानं समाधिर्ब्रह्मणः स्थितिः॥ तत्र प्रत्ययैकतानता ध्यानम्। अर्थात् - तत्र तस्मिन् देशे यत्र चित्तं धृतं तत्र प्रत्ययस्य ज्ञानस्य यैकतानता विसदृशपरिणामपरिहारेण यदेव धारणयावलम्बनीकृतम् तदालम्बनतयैव निरन्तरमुत्पत्तिः सा ध्यानमुच्यते । वहाँ (संकलित हुये चित्त में) एकमात्र प्रतीति का होना ध्यान है। -योग दर्शन, महर्षि पतञ्जलि ध्यान पर चर्चा हो रही है, भाँति-भाँति की मीमांसाएँ सामने आ रही हैं। वे भी मुखर हैं जो धर्म और दर्शन से परिचित तक नहीं है और ध्यान 'धर्म' है या 'दर्शन'..ये बता पाने में सक्षम नहीं हैं। महर्षि पतञ्जलि के अनुसार बिखरे हुये चित्त को समेटकर रखना धारणा है और उसमें एक समय में एक ही प्रतीति का होना ध्यान है। सामान्यतया हमारी चेतना अनेक इन्द्रियों के मार्ग से अनेक विषयों में प्रवृत्त रहती है। एक साथ ही शब्द-स्पर्श-रूप-रस-गन्ध आदि अनेक प्रतीतियों में चित्त का प्रवाह होता रहता है। उस दशा में चित्त अपनी क्षमता के अल्पांश का उपयोग करता है। परिणामतः दिव्यता तिरोहित हो जाती है।अष...